प्रदेश में चल रहे पंचायत और जिला परिषद चुनावों के इस सीजन में नशे की मनुहार को रोकने को लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने आम नागरिकों से खास अपील की है। जोधपुर जोन के जोनल डायरेक्टर और IRS अधिकारी घनश्याम सोनी ने वीडियो जारी कर प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का इस्तेमाल ऐसे बुद्धिजीवी और अच्छे उम्मीदवारों को चुनने के लिए करें जो नशामुक्त मुहिम में सरकार के सहयोगी बनें। नशे का प्रलोभन देने वालों पर रहेगी पैनी नजर NCB जोनल डायरेक्टर सोनी ने बताया कि चुनावी माहौल के दौरान अवैध नशीले पदार्थों जैसे एमडी, स्मैक, अफीम और डोडा का प्रलोभन दिए जाने की आशंका रहती है। उन्होंने ग्रामीणों से रिक्वेस्ट की कि गाँवों या आसपास के इलाकों में ऐसी कोई भी अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना दें। एनसीबी की टीमें तुरंत दबिश देकर सख्त कार्रवाई करेंगी। इन नंबरों और ऐप्स पर दर्ज कराएं शिकायत नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि या एनडीपीएस मामलों की सूचना देने के लिए मानस हेल्पलाइन नंबर: 1933 पर सूचना दी जा सकती है। इस पर सीधे एनसीबी जोधपुर या जयपुर जोन की टीम को सूचना दी जा सकती है। जो स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सख्त कदम उठाएगी। इसके अलावा पुलिस हेल्पलाइन नंबर, राजस्थान सरकार के राजकॉप सिटीजन ऐप के जरिए भी सूचना भेजी जा सकती है। NCB जोनल डायरेक्टर ने कहा कि कहीं पर भी नशे की मनुहार हो रही हो तो बिना डर के अपने क्षेत्र की स्थानीय पुलिस को भी सूचना दे सकते हैं। साथ ही अपील की है कि आम नागरिक चुनावों में वोट जरूर डालें, लेकिन इस तरह के उम्मीदवार का चयन करें जो भारत और प्रदेश सरकार की नशामुक्त मुहिम में एक एंम्बेसडर की तरह काम करें।