नीट 2026 पेपर लीक मामले में जोधपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बुधवार शाम को नई सड़क स्थित राजीव गांधी चौक पर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के चेयरमैन का पुतला फूंका। कमेटी अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने बताया- केंद्र सरकार द्वारा आयोजित नीट परीक्षा का पेपर लीक होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा- इससे लाखों बच्चों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। बच्चे पूरी तैयारी के साथ आते हैं, लेकिन पेपर रद्द होने से उनका समय और पैसा बर्बाद होता है। इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। वर्मा ने मांग की कि पेपर लीक करने वाले दलालों की तत्काल सीबीआई जांच होनी चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था बननी चाहिए। पेपर लीक मामले में पकड़े गए आरोपियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा- गलत काम करने वाला हमेशा गलत होता है। शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर अड़े प्रदर्शनकारी पूर्व विधायक मनीषा पंवार ने कहा- नीट 2026 परीक्षा के पेपर लीक होने से स्टूडेंट्स के साथ धोखा हुआ। पंवार ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसी घटनाओं पर रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस सड़कों पर आंदोलन तेज करेगी। कोचिंग और तैयारी का पैसा हो रहा बर्बाद जेडीए के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी ने बताया- स्टूडेंट्स और उनका परिवार पढ़ाई पर भारी भरकम खर्च करते हैं, लेकिन पेपर लीक होने से उनकी सारी मेहनत और पैसा अंधकार में चला जाता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह इस दिशा में गंभीर हो और ऐसी पुख्ता व्यवस्था करे, जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक न हो सके और बच्चों का भविष्य खराब न हो। कई वरिष्ठ व युवा नेता रहे मौजूद जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव कुश गहलोत ने बताया- युवाओं के हक की आवाज उठाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करने को तत्पर है। कांग्रेस प्रवक्ता संजय गौड़ ने कहा- वर्तमान सरकार पूरी तरह से विफल साबित हुई है, जिस प्रकार से नीट-2026 का पेपर आउट हुआ है, उससे लगता है कि सरकारी तंत्र पूरी तरह से फेल है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व महापौर कुंती देवड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश जोशी, सलीम खान, लियाकत अली रंगरेज, हरेंद्रसिंह राठौड़, मयंक देवड़ा, अनिल जोशी, नरेंद्र शर्मा, अरशद चौहान, फिरोज फैम, राजेश रामदेव, अजीत राठी, इश्तियाक अली, राजू सुनील बोहरा, बृजेश पुरोहित, इलियास मोहम्मद, त्रिलोक मेहरा, भंवरलाल अटवाल, हेमसिंह गहलोत, धनपत गुर्जर, शैलजा परिहार, शबनम अब्बासी, बबलू सोलंकी आदि उपस्थित थे।