जोधपुर में रसूख के दम पर अब अतिक्रमण कर मनमानी करने वालों की खैर नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ प्राप्त होने वाली शिकायतों से लेकर समाधान तक की प्रभावी मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके संकेत नगर निगम के नए कमिश्नर IAS राहुल जैन ने दिए। जैन ने शुक्रवार को जोधपुर में नगर निगम के कमिश्नर का कार्यभार संभाला। निगम अधिकारियों की बैठक भी ली। दैनिक भास्कर ने IAS राहुल जैन के साथ खास बातचीत की। कमिश्नर ने कहा- शहर आने वाले समय में स्वच्छता में आगे बढ़े, सफाई व्यवस्था दुरुस्त हो, इस पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही अब संपर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों को प्रभावी तरीके से मॉनिटर किया जाएगा। घर बैठे आवेदक को उसके आवेदन की स्थिति के बारे में मोबाइल पर जानकारी मिल सकेगी। कमिश्नर ने कहा- नगर निगम आमजन से जुड़ा हुआ विभाग है। जिसमें सबसे पहली प्राथमिकता यही रहेगी कि जनमानस से जुड़ी हुई समस्याओं और सुविधाओं को किस तरह से सरल किया जा सके, उस पर फोकस रहेगा, जिससे कि निगम आने वाले आवेदक के समय और श्रम दोनों की बचत हो सके। शहर स्वच्छता रैंकिंग में कैसे अव्वल बने शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर भी निगम आयुक्त ने अपनी योजनाएं बताईं। उन्होंने कहा कि शहर स्वच्छता रैंकिंग में कैसे अव्वल बने, इसके लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जाएंगी। नगर निगम के कचरा कलेक्शन प्वाइंट से लेकर टाइमिंग और स्वच्छता को लेकर एक उचित निगरानी सेल बनाई जाएगी। निगम में आमतौर पर जन्म, मृत्यु प्रमाण पत्र से लेकर भूमि भवन निर्माण परमिशन और निगम में आम जन से जुड़ी सेवाओं को तेजी से कैसे पहुंचाया जाए, इस पर काम किया जाएगा। वहीं, संपर्क पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। शिकायत के आधार पर समाधान जल्दी कैसे किया जाए कमिश्नर जैन ने कहा कि अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर निगम का अभियान जारी रहेगा। इस तरह के मामलों में जो शिकायत निगम को प्राप्त होती है, उस शिकायत के आधार पर समाधान जल्दी कैसे किया जाए, इस तरह की व्यवस्थाओं पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही निगम में अनावश्यक तरीके से घूमने वाले बिचौलियों की संलिप्तता पर भी कार्रवाई की जाएगी। पट्टों से जुड़ी गड़बड़ियों पर अंकुश कमिश्नर जैन ने कहा- पट्टों से जुड़ी गड़बड़ियों को रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे कि आमजन को आवेदन करने के बाद उनकी समस्या के समाधान का घर बैठे मोबाइल पर मैसेज मिल सके। बता दें कि 34 वर्षीय राहुल जैन 2019 बैच के IAS हैं। इससे पूर्व उदयपुर विकास प्राधिकरण में आयुक्त के पद पर थे। पूर्व में कई जिलों में SDM भी रह चुके हैं।