राजस्थान पंचायत शिक्षक व स्कूल सहायक संघ की संभाग स्तरीय रैली 20 जुलाई को जोधपुर में होगी। संघ के पायला कला व सिणधरी ब्लॉक अध्यक्ष कानाराम मनमोड़ा ने कहा कि रैली में पंचायत शिक्षकों व स्कूल सहायकों को नियमित करने की मांग प्रमुखता से उठेगी। कानाराम मनमोड़ा ने कहा कि राज्य सरकार चुनावी घोषणा पत्र का वादा पूरा करे। पंचायत शिक्षकों व स्कूल सहायकों को जल्द नियमित करे। वर्षों से संविदा व्यवस्था में काम कर रहे कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति मिले। उन्होंने कहा कि पंचायत शिक्षक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाते हैं। वे ओबीसी आयोग के सर्वे सहित कई सरकारी कामों में सेवाएं दे रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों की अनदेखी हो रही है।उन्होंने कहा कि सरकार ने जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने पायला कला व सिणधरी ब्लॉक के सभी पंचायत शिक्षकों व स्कूल सहायकों से 20 जुलाई को अधिक संख्या में जोधपुर पहुंचने की अपील की। रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।