जोधपुर कमिश्नरेट की पश्चिम जिला पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 3 साल से फरार चल रहा था, उसके खिलाफ पहले से हत्या, लूट और नकबजनी जैसे करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर और भी वारदातों का खुलासा करने में जुटी है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शातिर आरोपी अपने पास अलग-अलग बैंकों के बंद एटीएम कार्ड रखता था। इसके बाद वह घरेलू काम के नाम पर कार किराए पर लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमता था। वह ऐसे बुजुर्ग पुरुषों और महिलाओं को तलाशता था जो एटीएम बूथ के अंदर अकेले होते हैं। आरोपी पीड़ितों को मदद का झांसा देकर उनके एटीएम का पिन नंबर देख लेता था। चालाकी से उसका कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा देता था। इसके बाद मौका पाकर उनके खातों से रकम साफ कर देता था। 78 साल के बुजुर्ग को बनाया था शिकार 4 दिसंबर 2023 को 78 वर्षीय बुजुर्ग खूबचंद खत्री अशोक उद्यान के पास स्थित एसबीआई बैंक के एटीएम में पिन जनरेट करवाने और पैसे निकालने गए थे। जब पैसे नहीं निकले और मशीन ने काम नहीं करने का मैसेज दिया, तो पास खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लिया। बुजुर्ग जब कुछ दूर पहुंचे तो उनके मोबाइल पर खाते से 70 हजार रुपए ट्रांसफर होने का मैसेज आया। खाते से 10-10 हजार के चार ट्रांजेक्शन और एक 30 हजार का ट्रांजेक्शन हुआ था। बुजुर्ग ने चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। आरोपी के खिलाफ 10 से ज्यादा मामले दर्ज पुलिस गिरफ्त में आया आरोपी गोपाल (36) पुत्र शेराराम, निवासी मुंडवा सुजानगढ़ सदर, चूरू का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ सांडवा, लाडनू, मांडललगढ़, गच्छीपुरा, नरेना (जयपुर), बिलाड़ा (जोधपुर), रतनगढ़, नागौर और पश्चिम बंगाल के थानों में हत्या, लूट, मारपीट और चोरी के करीब 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही एक अन्य आरोपी प्रेम बिकुनियां को गिरफ्तार कर चुकी है।