जोधपुर पुलिस कमिश्नर शरत कविराज को भावभीनी विदाई के साथ शुक्रवार को अंशुमन भोमिया ने नए पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि ATS और SOG में मिले अनुभव का उपयोग कर तस्करी और संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता स्मार्ट पुलिसिंग, बेहतर कानून-व्यवस्था, तकनीक आधारित निगरानी और आमजन को तुरंत पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना रहेगा। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं बताई, कहा कि आज के समय में साइबर अपराध और मादक पदार्थ की तस्करी बढ़ रही है। इसको रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। कानून व्यवस्था में रहेगी जीरो टॉलरेंस की नीति उन्होंने बताया कि मादक पदार्थ की तस्करी को रोकने के लिए ANTF का भी सहारा लेंगे। वहीं महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने प्रभावी कदम उठाने की बात कही। कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रित रहे, इसमें जीरो टॉलरेंस की नीति रहेगी। ANTF, NCB के साथ मिलकर नशे के खिलाफ करेंगे कार्रवाई कमिश्नर अंशुमन भोमिया ने बताया कि फाइनेंशियल क्राइम और टेक्निकल क्राइम को रोकने के लिए हम प्रयास करेंगे कि हमारी पुलिस तकनीकी रूप से दक्ष बने। मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए कमिश्नरेट स्तर पर सूचना तंत्र डेवलप किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ATS और SOG में उनके पुराने अनुभव को काम में लेंगे। साथ ही अलग-अलग एजेंसियों ANTF, NCB के साथ मिलकर भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करेंगें। बजरी माफिया, भूमाफिया और संगठित अपराध को रोकने के लिए विशेष योजना बनाई जाएगी। जमीन से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण करने और पारदर्शी जांच हो, इस पर भी काम किया जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने पुलिस कमिश्नर शरत कविराज से चार्ज लिया। इस दौरान उनके अधीनस्थ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। DCP कमल शेखावत, मनीष चौधरी, शाहिन सी सहित पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।