जोधपुर नगर निगम की ओर से दशहरा को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी है। गुरुवार सुबह मेयर प्रसन्नचंद मेहता और आयुक्त राहुल जैन शहर के अंदर वाले इलाकों में पहुंचे। यहां फतेहपोल से लेकर जालोरी गेट तक रामरथ सवारी के पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय पार्षद और निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के लिए कहा। इसके साथ ही साफ निर्देश दिए कि इन काम में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा- शहर की सफाई , सड़क, रोड लाइट और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इन कार्य में लापरवाही पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। रामसवारी के रूट का लिया जायजा निरीक्षण के दौरान महापौर ने रामसवारी मार्ग की सड़क व्यवस्था, सीवरेज, सफाई और रोड लाइट की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दशहरे से पहले पूरे मार्ग की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। सड़कों पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत करवाने, झूलते बिजली के तारों को ठीक करवाने और सीवरेज के गंदे पानी की समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए कहा गया। महापौर प्रसन्नचंद मेहता ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी है कि दशहरे के दौरान रामसवारी में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं, अखाड़ों के सदस्यों, माताओं-बहनों और दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो। उन्होंने कहा कि रामसवारी मार्ग के साथ-साथ इससे जुड़ने वाली संपर्क सड़कों पर भी सफाई और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा। स्था​नीय लोगों से की मुलाकात, शहरवासियों ने बताई समस्याएं इस दौरान मेयर प्रसन्नचंद मेहता ने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्थाओं को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। हालांकि जहां कमियां हैं, उसे सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के अंदर वाले इलाकों में यातायात के दबाव को देखते हुए सीवरेज लाइनों की सफाई रात में करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहरवासियों को कम से कम असुविधा हो। उन्होंने बताया कि ज्यादा डैमेज वाली सीवरेज लाइनों को बदलने का काम भी किया जाएगा। पार्षद और अधिकारी भी मौजूद रहे इस दौरान पार्षद संजय दईया , विकास राघवानी, मोनिका व्यास, कानाराम भाटी, लता व्यास, अतिरिक्त मुख्य अभियंता संपत मेघवाल, एक्सईएन संजय पुरोहित, एक्सईएन (विद्युत) जितेंद्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी परिणीता सामरिया, कार्यालय अधीक्षक सलामतुल्लाह खान, सुबोध शंकर व्यास समेत निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।