जोधपुर में एक ही नंबर की दो बसों के संचालित होने का मामला सामने आया है। परिवहन विभाग की ओर से इसको लेकर कार्रवाई की गई है। विभाग ने दोनों बसों को अलग-अलग थानों में खड़ा करवाया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि कौन सी बस के नंबर प्लेट फर्जी हैं और किसके सही या दोनों के ही नंबर प्लेट फर्जी लगाए गए हैं। इन सभी पहलुओं को लेकर जांच की जा रही है। आरटीओ इंस्पेक्टर अजय सागर ने बताया कि आज सूचना मिली थी कि एक ही नंबर से दो बस संचालित हो रही हैं। इसी को लेकर टीम की ओर से दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई प्रताप नगर थाना क्षेत्र में की गई। जहां पर ग्रामीण रूट पर चलने वाली बस को जब्त किया गया है। दोनों बसों को किया सीज उस बस पर जो नंबर प्लेट लगी हुई थी वही नंबर देवनगर थाना क्षेत्र में खड़ी एक बस पर भी पाए गए। दोनों बसों को थानों में खड़ा करवाया गया है। देवनगर थाने में सीज की बस के कागज नहीं पाए जाने पर मोटर व्हीकल (MV) एक्ट-207 में ASI ओमाराम ने सीज किया है। जांच में बस के नंबर प्लेट के आधार पर मालिक का नाम आवड़ दान चारण सामने आया है। जांच के बाद चलेगा पता फिलहाल दोनों बसों के कागजों को लेकर जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों ही बसों की नंबर प्लेट फर्जी लगाई गई या एक ही नंबर प्लेट से दो बसें चलाई जा रही थी। यह सब जांच में क्लियर हो सकेगा। विभाग की ओर से इसको लेकर FIR भी दर्ज करवाई जाएगी। इधर परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद कई सवाल भी खड़े होने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक लंबे समय से एक ही नंबर से दो बसें चलाई जा रही थी, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में परिवहन विभाग की ओर से किए जा रहे दावों पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। पहले भी एक ही नंबर की दो बस मिली थी गौरतलब है की पूर्व में भी जिला जजों की ओर से किए गए निरीक्षण में एक ही नंबर की दो बसें संचालित होना पाई गई थी। इसको लेकर भी कार्रवाई की गई थी और संबंधित थाने में FIR भी दर्ज करवाई गई थी।