जोधपुर में पंचायतीराज चुनाव के बीच DST टीम और पीपाड़ शहर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध पिस्टल के साथ पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी टीम को देखकर भागने लगा था, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। आरोपी रामदयाल देवासी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मामलों में 3 आपराधिक प्रकरण दर्ज है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और अवैध हथियार के संबंध में जानकारी जुटा रही है। दरअसल, पंचायतीराज चुनावों के कारण पुलिस मुख्यालय की ओर से विशेष अभियान चलाया गया है। इस अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण जिला पुलिस ने अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की है। अवैध पिस्टल लेकर घूम रहा था आरोपी ग्रामीण SP पंकज यादव ने बताया कि ASP रामेश्वर कड़ेला के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को चुनावों के दौरान असामाजिक तत्वों और हथियार तस्करों पर नकेल कसने के निर्देश दिए गए थे। इसी कड़ी में 25 अक्टूबर 2026 को डीएसटी टीम के कमांडो सोहनराम को खास मुखबिर से सूचना मिली कि रियां सेठारी निवासी रामदयाल देवासी अपने पास अवैध पिस्टल लेकर रियां से नाथूनगर जाने वाले रास्ते पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही डीएसटी टीम ने तुरंत पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र के रियां सेठारी से नाथूनगर मार्ग पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में वहां से निकलने लगा, जिसे जाब्ते की मदद से घेरकर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामदयाल देवासी पुत्र श्रवणराम निवासी- रियां सेठारी, थाना पीपाड़ शहर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 01 अवैध देशी पिस्टल और एक मैग्जीन बरामद हुई। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।