रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दो-दो ट्रिप रद्द रहने के बाद जोधपुर-साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का संचालन अब दोबारा शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन रविवार, 3 मई से फिर पटरी पर दौड़ेगी। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि फालना और बिरोलिया स्टेशनों के बीच स्थित ब्रिज संख्या 658 पर आरसीसी बॉक्स डालने के कार्य के लिए ब्लॉक लिया गया था। इसी कारण ट्रेन का संचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। उन्होंने जानकारी दी कि इस कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14821 (जोधपुर-साबरमती एक्सप्रेस) 30 अप्रैल और 1 मई को दो ट्रिप के लिए रद्द रही, जबकि ट्रेन संख्या 14822 (साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस) 1 और 2 मई को दो ट्रिप रद्द की गई थी। अब ट्रेन के दोबारा संचालन से लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन और आबू रोड के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही, आवागमन की व्यवस्था पहले की तरह सुचारू हो सकेगी।