जोधपुर के भीतरी क्षेत्र की नई सड़क चमनपुरा मोहल्ले की गली नंबर 12 में शरारती तत्वों ने घर के बाहर खड़ी टेक्सी में आग लगा दी। घटना शुक्रवार रात 12 बजे के करीब की बताई जा रही है। जिसका का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।
जोधपुर के बोरानाडा इंडस्ट्रियल एरिया फेज 4 में चोरों ने एक सूनी फैक्ट्री से 20 लाख रुपए का सामान पार कर दिया। वहीं, राजीव गांधी नगर थाना इलाके के पोपावास रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां बीती शाम एक अज्ञात वाहन ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए राहगीर चैनसिंह राजपूत को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। उधर, महामंदिर थाने में एक महिला ने अपने पति के साथ हुई बदसलूकी और सोशल मीडिया पर धमकी देने का मुकदमा दर्ज करवाया है। इसी थाने में एक 22 वर्षीय युवती के बिना बताए घर से लापता होने का मामला भी सामने आया है, जिसके संबंध में परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इन सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है। अब पढ़िए जोधपुर से जुड़ी 7 बड़ी खबरें… 1. फैक्ट्री से 20 लाख का सामान पार, केबल और मोटरें ले उड़े चोर
जोधपुर के बोरानाडा इंडस्ट्रियल एरिया फेज 4 में चोरों ने एक सूनी फैक्ट्री को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी को अंजाम दिया। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी फैक्ट्री मालिक प्रभु सिंह ने थाने में मामला दर्ज करवाया कि अज्ञात चोरों ने उनकी फैक्ट्री का ताला तोड़कर वहां रखे ट्रांसफार्मर, मोटरें, भवन में की गई कॉपर की फिटिंग और कीमती केबलें चोरी कर लीं। पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। 2. अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना इलाके के पोपावास रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बीती शाम एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए राहगीर चैन सिंह राजपूत को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चैन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू की है। 3. धोखाधड़ी का मामला आया सामने
शास्त्रीनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। बॉम्बे मोटर्स सर्कल निवासी यतीश कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दी कि आरोपी रामाराम गोदारा, भंवरलाल और उर्मिला गोदारा ने उन्हें झांसा दिया। आरोप है कि विश्वास में लेकर आरोपियों ने पीड़ित के साथ धोखाधड़ी की और लाखों रुपए की राशि हड़प ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। 4. स्कॉर्पियो ने स्कूटी को मारी टक्कर, युवक घायल
देव नगर थाना क्षेत्र में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए एक कार चालक ने स्कूटी सवार दो भाइयों को चपेट में ले लिया। पीड़ित राकेश शर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि सीएचबी रोड तीसरी पुलिया पेट्रोल पंप के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो के चालक ने अत्यधिक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए, रॉन्ग साइड से आकर उनके बेटे की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनका बेटा और भांजा घायल हो गया, जबकि आरोपी चालक मौके से भाग निकला। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। दोनों दूध लेकर लौट रहे थे। घायलों की पहचान अशोक नगर निवासी हिमांशु शर्मा और उसके ममेरे भाई सौरभ शर्मा के तौर पर हुई। 5. बाइक चोरी की वारदात जोधपुर में बाइक चोर भी सक्रिय है। शहर के रायबहादुर बाजार के बाहर से बाईक चुराने की वारदात का मामला सामने आया है। इसको लेकर बाइक मालिक की ओर से उदय मन्दिर थाने में रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामला दर्ज कर बाइक चोर की तलाश में जुटी हुई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। 7. वॉट्सऐप ग्रुप पर मैसेज भेजकर दी धमकी
महामंदिर थाने में एक महिला ने अपने पति के साथ हुई बदसलूकी और सोशल मीडिया पर धमकी देने का मुकदमा दर्ज करवाया है। जाटाबास निवासी महिला ने बताया कि आरोपी तरुण भाटी उर्फ रुद्र भाटी ने उनके पति के साथ सार्वजनिक स्थान पर धक्का-मुक्की की, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने वॉट्सऐप ग्रुप पर भी पीड़ित परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक मैसेज भेजे। पुलिस ने आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। 8. रीको एरिया की फैक्ट्रियों में दो श्रमिकों की मौत, मर्ग दर्ज
जोधपुर के बोरानाडा थाना क्षेत्र के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में बीते 24 घंटे में दो अलग-अलग हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पहली घटना मनीष एग्रो इंडस्ट्रीज की है, जहां बॉयलर फटने से श्रमिक जेठू सिंह राजपूत (28) गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दूसरी घटना अग्रवाल पैकेजिंग की है, जहां रात को छत पर सो रहा श्रमिक शुभम कुशवाहा (25) अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे फर्श पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है। 9. कॉलेज गई छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
महामंदिर निवासी एक व्यक्ति ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि उनकी 22 वर्षीय बहन सुबह कॉलेज जाने का कहकर घर से निकली थी, जो शाम तक वापस नहीं लौटी। सगे-संबंधियों में तलाश करने पर भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर लापता छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।