जोधपुर में पानी की समस्या सामने आने लगी है। इसे लेकर कई कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच रहा। स्थानीय लोगों में रोष है। शनिवार को डिगाडी इलाके में लोगों ने मटकी फोड़ प्रदर्शन कर पेयजल समस्या के समाधान की मांग की। पानी की समस्या डिगाडी इलाके के शिरियादे नगर, भोमीयाजी नगर, प्रेम नगर कॉलोनी के लोगों ने जलदाय विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिलाओं ने पानी की मांग को लेकर विभाग के कार्यालय में मटकियां फोड़ी। उन्होंने बताया कि वो काफी समय से इलाके में पानी की किल्लत से परेशान हैं। कई बार अधिकारियों को इसके बारे में बताया जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा। उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के बाद में नहीं हुआ समाधान स्थानीय निवासी गोवर्धन राम ने बताया- करीब 1 महीने से पानी की ज्यादा समस्या आ रही है, लेकिन विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। कई बार उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया। जिला कलेक्टर तक भी समस्या पहुंचाई, लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। ऐसे में परेशान होकर लोगों ने धरना प्रदर्शन का फैसला किया। इस दौरान लोगों ने रास्ता भी रोकने का प्रयास किया। इस पर मौके में पुलिस प्रशासन के पहुंचा और समझाइश की। प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे जलदाय विभाग के जेईएन विनोद ने लोगों को बताया- टेक्निकल फॉल्ट के चलते पानी की सप्लाई में दिक्कत हो रही है। इसे जल्दी दूर कर दिया जाएगा। आश्वासन के बाद लोगों ने धरना खत्म किया और समस्या के जल्द समाधान नहीं होने पर फिर से आंदोलन की चेतावनी दी। टेल एंड पर बसी कॉलोनियों में ज्यादा समस्या शहर से दूर (टेल एंड पर) बसी कॉलोनी में पानी की समस्या ज्यादा रहती है। यहां पर पानी का प्रेशर कम होने के चलते ठीक से नहीं पहुंच पाता है। गर्मियों में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों को कई बार पानी के टैंकर महंगे दामों में मंगवाकर काम चलाना पड़ता है।