जोधपुर शहर के कुड़ी भगतासनी इलाके में पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बारिश के दौरान लोगों ने जेईएन ऑफिस पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि कॉलोनी में कई दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है। सूचना पर पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोगों से समझाइश की। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 7 और सेक्टर 5 में पिछले तीन-चार महीने से पानी की समस्या बनी हुई है। पानी की सप्लाई अनियमित है। कभी पानी आधा घंटे आता है तो कभी आता ही नहीं है। इससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कई बार पानी का टैंकर मंगवाकर काम चलाना पड़ रहा है। पानी आपूर्ति नहीं होने से परेशानी प्रदर्शन में शामिल राजेंद्र प्रसाद पुरोहित ने बताया कि पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से दोनों सेक्टर के लोग परेशानी का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने विभाग के अधिकारियों को समस्या के बारे में कई बार बताया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आज सैंकड़ों लोग कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) ऑफिस पहुंचे और धरना दिया। इसके बाद पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाया। फिलहाल प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों में राजेंद्र प्रसाद पुरोहित, शिवम पालीवास,चंद्र सिंह, सरदार, संतोष गौड़, संजू कंवर, पूजा वर्मा, प्रवीन हांडा, पूरा देवी आदि स्थानीय लोग शामिल हुए। अतिरिक्त आपूर्ति का दिया आश्वासन जलदाय विभाग की एईएन सोनिया पारखी ने मामले को लेकर बताया कि इस इलाके टेलएंड पर होने के चलते कम प्रेशर से पानी आता है। इससे यह समस्या बनी हुई। प्रर्दशन कर रहे लोगों समझाया है कि उन्हें अतिरिक्त आपूर्ती करके पेयजल सप्लाई कर दी जाएगी।