जोधपुर में गर्मी और उमस का दौर लगातार जारी है। इस बीच जुलाई के पहले और दूसरे सप्ताह में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं अनुमान जताया जा रहा है कि दूसरे सप्ताह तक जिल में मानसून की एंट्री हो सकती है। इधर, तापमान भी पिछले कई दिनों से ​स्थिर बना हुआ है। बुधवार सुबह तापमान करीब 40 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री तक बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले ​दो दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 3 जुलाई से शहर में मौसम बदल सकता है। जून सूखा बीता, नहीं हुई प्री-मानसून की बारिश जून महीने में इस बार शहर में जबरदस्त गर्मी पड़ी। मौसम विभाग की ओर से चार से पांच बार आंधी बारिश और जून के अंतिम सप्ताह में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। अलर्ट के अनुसार इस बार प्री-मानसून की बारिश भी नहीं हुई। हालांकि कुछ ग्रामीण इलाकों और शहर के कुछ हिस्सों में जून के अंतिम सप्ताह में हल्की बारिश का दौर था। लेकिन, इसके बाद एक बार फिर से तापमान 40 तक पहुंच गया था। ऐसे में गर्मी और उमस से लोगों को काफी परेशानी भी हुई। मौसम विभाग का अलर्ट: 3 जुलाई से मौसम बदलने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई तक मौसम साफ रहेगा। 3 जुलाई से मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है। 3 और 4 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग ने इन दो दिन येलो अलर्ट भी जारी किया है। वहीं 5 और 6 जुलाई को बारिश का अलर्ट है। ऐसे में अनुमान है कि 5 जुलाई को मानसून जोधपुर जिले में एंट्री कर सकता है।