जोधपुर में सितंबर के आखिरी दिनों में एक बार फिर तेज धूप और गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को तेज धूप के कारण मौसम गर्म बना हुआ है। करीब दोपहर 2 बजे शहर का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, मानसून सीजन में अब तक सामान्य के मुकाबले करीब 32 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। गुरुवार को तेज धूप और उमस से शहरवासी परेशान होते हुए नजर आए। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 सितंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। वहीं, बुधवार को भी मौसम गर्म बना रहा। अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं जताई है। अब तक 32 फीसदी कम बारिश मौसम विभाग के अनुसार, 23 सितंबर तक जोधपुर में एक जून से सामान्य से 32 प्रतिशत कम बारिश हुई है। सामान्य बारिश 286.3 एमएम होनी चाहिए थी,जबकि इस बार केवल 195.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जो कि मानसून सीजन क सामान्य से 32 फीसदी कम है। 30 सितंबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिन शहर में बारिश की संभावना नहीं है। 30 सितंबर तक मौसम साफ बना रहने का अनुमान जताया गया है। तापमान में भी बदलाव हो सकता है।