जोधपुर में गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही वन्य जीवों की दिनचर्या में भी परिवर्तन होने लगा है। जोधपुर के माचिया सफारी पार्क की बात की जाए तो यहां पर रहने वाले वन्य जीवों के लिए गर्मी को लेकर खास व्यवस्था की गई है। माचिया के रेंजर करण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए माचिया में वन्यजीवों के लिए कूलर, फव्वारे आदि लगाए गए हैं, जिनसे उन्हें गर्मी से राहत मिल सकें। इसके अलावा उनके लिए पीने के पानी के कुंड आदि भी बनाए गए हैं। गर्मी के चलते फव्वारे के जरिए उनकी बैरक में ठंडे पानी का छिड़काव किया जा रहा है। यहां 300 के करीब वन्यजीव है, जिनमें शेर, भालू, भेड़िए से लेकर हिरण, चीतल आदि हैं। इन सभी के पिंजरे में फव्वारे लगाए गए है। इसके अलावा जूनागढ़ से आई शेरनी के लिए भी कूलर लगाया गया है। इसके अलावा वन्यजीवों की डायट में भी खास बदलाव किया गया है। भालू के लिए सीजनेबल फ्रूट आदि की व्यवस्था की गई है।