जोधपुर में एक युवक का शव बस के अंदर फंदे से लटका मिला है। युवक हमेशा की तरह रात को घर के बाहर खड़ी बस में सोने गया था। सुबह घर नहीं लौटा तो मां ने जाकर देखा। परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की शिकायत (मर्ग) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना माता का थान थाना क्षेत्र स्थित जगदंबा कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार, फलोदी जिले के देचू इलाके के पीलवा रावत नगर निवासी फतेहसिंह पुत्र शैतानसिंह की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया गया कि परिवादी के भाई अभिमन्यु सिंह का बेटा हर्षवर्धन सिंह (19) जोधपुर से पीलवा के बीच चलने वाली बस में जाकर सोता था। जो जगदंबा कॉलोनी से मुख्य सड़क गली नंबर 2 के आगे खड़ी रहती है। पिता से आखिरी बार बात हुई थी रिपोर्ट के अनुसार, 6 मई की रात करीब 10:30 बजे हर्षवर्धन घर से खाना खाकर हमेशा की तरह गली के बाहर खड़ी बस में सोने के लिए गया था। रात करीब 11:30 बजे उसकी अपने पिता अभिमन्यु सिंह से मोबाइल पर आखिरी बार बात हुई थी। बस की छत पर सो रहा था ड्राइवर रिपोर्ट के अनुसार, जब सुबह 6 बजे तक हर्षवर्धन घर नहीं लौटा। मां गली के बाहर खड़ी बस में उसे देखने गई। बस के बीचों बीच हर्षवर्धन का शव रस्सी से लटका हुआ था। घटना के समय बस का ड्राइवर ठाडिया निवासी उम्मेदाराम विश्नोई बस की छत पर सो रहा था। शव देखकर मां की चीख निकल गई। बदहवास मां ने तत्काल इसकी सूचना अभिमन्यु सिंह को सूचना दी। इसके बाद वे दौड़ते हुए बस के पास पहुंचे। माता का थान थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव फंदे से उतारकर मोर्चरी भिजवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर ली है। मामले की जांच एसआई हरखाराम को सौंप दी गई है। फिलहाल, हर्षवर्धन के सुसाइड करने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।