अजमेर में स्कूल भवन का पुराना भवन तोड़ने से नाराज बच्चों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर बच्चों और वार्डवासियों ने सरकारी प्राथमिक स्कूल के नए भवन निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जताई और जल्द काम शुरू कराने की मांग की। बच्चों ने कलेक्टर से गुहार लगाते हुए साफ तौर पर कहा कि हमें हमारा स्कूल वापस चाहिए। हमारी पढ़ाई पर इसका असर पड़ रहा है। जोन्सगंज विकास समिति के नेतृत्व में शुक्रवार को इन तीन प्रमुख मांगों को लेकर स्कूली बच्चों ने विरोध जताया है। ये है मांगें हमारी पढ़ाई हो रही खराब प्रदर्शन के दौरान 8वीं कक्षा की छात्रा कोमल ने बताया कि वे सभी कलेक्टर से मिलने आए हैं। उनका कहना है कि स्कूल का पुराना भवन तोड़ दिया गया है, लेकिन अब तक नया भवन तैयार नहीं किया गया। हमें हमारा पुराना स्कूल वापस चाहिए। दूसरी जगह स्कूल बनाया जा रहा है, लेकिन वहां जाने के लिए कोई वैकल्पिक सुविधा नहीं है। इससे हमारी पढ़ाई खराब हो रही है। 110 बच्चों को पढ़ाई के लिए भेजा जा रहा दूर ज्ञापन में बताया गया कि जोन्सगंज (मोतीराम का बाड़ा) स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल का पुराना भवन काफी समय पहले ध्वस्त कर दिया गया था। वर्तमान में स्कूल परिसर खंडहर बन चुका है, जिससे स्थानीय बच्चों की शिक्षा पूरी तरह प्रभावित हो रही है। करीब 110 बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर सुगम नगर भेजा जा रहा है, जहां तक पहुंचना छोटे बच्चों के लिए जोखिम भरा है। जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन ज्ञापन में यह भी बताया कि विद्यालय के नए भवन के लिए बजट और प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। समिति और वार्डवासियों ने चेतावनी दी है, कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।