भास्कर संवाददाता | श्रीगंगानगर श्रीगंगानगर के मैट पर अब जूडो के अंतरराष्ट्रीय सपनों को धार दी जाएगी। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मल्टीपर्पज के सत्र पर्यन्त जूडो केंद्र में नए सत्र के लिए गुरुवार को तीन दिवसीय चयन ट्रायल का बिगुल बज गया। सुबह से ही दांव-पेंच दिखाने पहुंचे खिलाड़ियों के वजन तौलने के साथ ही भविष्य के चैंपियंस की तलाश शुरू हो गई है। 25 अप्रैल तक चलने वाले इस शिविर के प्रथम दिन खिलाड़ियों के शारीरिक भार-तोलन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें भविष्य के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की खोज की जा रही है। सुबह 10 बजे से राजस्थान के विभिन्न जिलों के 65 उत्साही युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मैदान में डट गए। ​उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद मोहनलाल ने चयन ट्रायल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। ​क्यों खास है यह केंद्र? : ​मल्टीपर्पज स्कूल में संचालित यह केंद्र जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए एक बेहतरीन मंच है। यहां चयनित होने वाले खिलाड़ियों को ​अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा वर्ष भर नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। ​आधुनिक मैट और खेल उपकरणों की सुविधा मिलेगी। राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विशेष रूप से तैयार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि इस केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कई खिलाड़ी पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ा चुके हैं। ट्रायल के दूसरे दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों के बीच प्रायोगिक मुकाबले करवाए जाएंगे, जिसके आधार पर अंतिम योग्यता सूची तैयार की जाएगी। चयन प्रक्रिया 25 अप्रैल तक निरंतर जारी रहेगी। चयन के लिए जयपुर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ से विशेषज्ञों की प्रतिनियुक्त की : चयन प्रक्रिया स्थानीय आरवाईसीसी कोच डॉ. जसविन्द्र सिंह बराड़ के तकनीकी सहयोग से संपन्न की जा रही है। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा विशेष रूप से जयपुर से संजय टांक, हनुमानगढ़ से राजेश सिहाग और अनूपगढ़ से गुरदीप सिंह को प्रतिनियुक्त किया गया है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जितेन्द्र कुमार सतीजा, उप प्रधानाचार्य राजेन्द्र कौर बराड़, नवदीप शर्मा, काशी यादव, मलकीत सिंह, सुशील कुमार चौधरी, डॉ. शेरसिंह कटोच, रानी बराड़ एवं पलजिन्द्र सिंह ढिल्लों व आरवाईसीसी के नियमित खिलाड़ी बलराज सिंह, बबनूर सिंह, दिव्या शर्मा, विनम्र, यश, करण आदि खिलाड़ी मौजूद रहे। डॉ. जसविंद्र सिंह ने बताया कि यह चयन ट्रायल आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा, जिसके आधार पर प्रतिभावान खिलाड़ियों का केंद्र के नवीन सत्र के लिए चयन किया जाएगा।