भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड जयपुर की ओर से कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 रविवार को दो पारियों में होगी। समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर चिन्मयी गोपाल ने बताया कि परीक्षा प्रथम पारी में सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। जिला मुख्यालय पर 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्टर ने बताया कि परीक्षा के लिए जिले के अलावा अन्य जिलों के अभ्यर्थियों को भी बाड़मेर में केंद्र आवंटित हुए हैं। इसे देखते हुए जिला मुख्यालय के केंद्रीय बस स्टैंड पर विशेष व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। पेयजल की व्यवस्था, हेल्प डेस्क, मेडिकल टीम तैनात रहेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक को पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। रोडवेज प्रबंधन को परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त बसों की व्यवस्था करने को कहा गया है। बस स्टैंड पर हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश हैं। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को बस स्टैंड पर मेडिकल टीम रखने को कहा गया है। आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। नगर परिषद को पेयजल, चल शौचालय, साफ-सफाई की व्यवस्था करने को कहा गया है। जिला परिवहन अधिकारी को निजी बस स्टैंड पर भीड़ के अनुसार बसों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बाहरी जिलों से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए आवागमन के साधन उपलब्ध कराने को कहा गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से दायित्व निभाने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने एडीएम रवींद्र कुमार को परीक्षा समन्वयक नियुक्त किया है।