डीग पुलिस ने अंतरराज्यीय बावरी गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर जुरहरा कस्बे में 40 महीने पहले हुई डकैती का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 किलो चांदी बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरण कांबले के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक शरण कांबले ने बताया कि 40 माह पूर्व जुरहरा के एक ज्वेलरी शोरूम में छह नकाबपोश बदमाशों ने लगभग 90 किलो चांदी और आधा किलो सोने की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। एसपी कांबले ने डीग में पदभार संभालने के बाद पुराने मामलों की फाइलों की समीक्षा की और एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी इनपुट और सटीक मुखबिरी के आधार पर उत्तर प्रदेश के बदायूं और औरैया में दबिश दी गई। इस दौरान आर्य सिंह उर्फ भारत, दीपक उर्फ दीपू और यादराम बावरी को गिरफ्तार किया गया। यह गैंग वारदात को अंजाम देने के बाद अपने मोबाइल फोन बंद कर देता था और जंगलों या दूरदराज के इलाकों में छिप जाता था। पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश के पेशेवर अपराधी हैं, और उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। एसपी शरण कांबले ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। इस वारदात में शामिल अन्य तीन फरार साथियों और चोरी किए गए 450 ग्राम सोने की बरामदगी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस गैंग से क्षेत्र की अन्य बड़ी वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। इस पूरी वारदात का खुलासा अंडर ट्रेनिंग सीओ नरेश कुमार ने किया। अधिकारियों ने नरेश कुमार के कार्य की सराहना की है।