कक्कू क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के बाद हुई बारिश से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम बदलने के साथ ही पहले तेज धूलभरी आंधी चली, जिससे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं के कारण लोगों को दुकानों और घरों में शरण लेनी पड़ी। कुछ देर तक चली आंधी से जनजीवन प्रभावित हुआ और बाजार में आवागमन भी धीमा पड़ गया। आंधी थमने के बाद लगभग 15 मिनट तक बारिश हुई। इस बारिश से कक्कू गांव के मुख्य बाजार, गलियों और सड़कों पर पानी भर गया। कई जगह जलभराव के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में तेज गर्मी का प्रकोप था। अचानक हुई इस बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। लोगों ने इस बारिश को गर्मी से बड़ी राहत देने वाली बताया।