डीग जिले के कामवन (कामां) कस्बे में पुलिस चौकी के पास ज्वेलर्स की 2 दुकानों में चोरी का प्रयास किया गया। यह घटना कामां टाउन पुलिस चौकी के ठीक नीचे हुई है। चोर अपने प्रयास में सफल नहीं हो सका, लेकिन इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार रात एक चोर ने टाउन पुलिस चौकी के नीचे स्थित सुनारों की दुकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। चोर अपने साथ एक बड़ा पत्थर और लोहे का पाइप लेकर आया था। उसने पत्थर से दुकानों का शटर तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाया। मौके से पत्थर और पाइप बरामद पकड़े जाने के डर से चोर जल्दबाजी में शटर तोड़ने के लिए लाया गया पत्थर और CCTV कैमरों की दिशा मोड़ने वाला पाइप मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। वारदात से पहले चोर ने आसपास लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी थी, लेकिन उसकी यह पूरी हरकत अन्य कैमरों में कैद हो गई। पुलिस के अनुसार, यह वही चोर हो सकता है जिसने 30 मार्च को इसी बाजार में एक किराने के शोरूम को निशाना बनाया था। उस घटना में भी चोर ने CCTV कैमरों की दिशा बदली थी और कुछ कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। उस समय पीड़ित दुकानदार ने एफआईआर दर्ज कराई थी और पुलिस को चोर की स्पष्ट पहचान के बारे में भी बताया था। हालांकि, पुलिस इस मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।