कामां कस्बे में स्थित राजीविका मिशन कार्यालय में मजदूरी का पैसा मांगने आए दिव्यांग पति-पत्नी और अन्य महिलाओं के साथ कर्मचारियों ने मारपीट की। उन्हें कार्यालय से बाहर निकाल दिया गया। घटना की सूचना पर कामां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इंचार्ज सहित दो कर्मचारियों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। हालांकि, दो अन्य कर्मचारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बताया गया है कि राजीविका मिशन के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था के लिए महिला सफाई कर्मचारी नियुक्त की गई थीं। इनका मासिक पारिश्रमिक 9 हजार निर्धारित था। ग्राम पंचायत लुहेसर में तैनात ये महिलाएं अपना पारिश्रमिक लेने राजीविका कार्यालय पहुंची थीं। आरोप है कि कर्मचारियों ने उन्हें 9 हजार के बजाय केवल 3 हजार दिए। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित महिलाएं कामां थाने में मामला दर्ज कराने पहुंची हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।