बाड़मेर नगर परिषद के उप सभापति पद के लिए मंगलवार को हुए चुनाव में भाजपा की कन्यादेवी चुनी गई। चुनाव के दौरान कन्यादेवी को कुल 34 वोट मिले, इनमें भाजपा के 29 पार्षदों के अलावा 6 निर्दलीय भी शामिल हैं। दूसरी ओर कांग्रेस प्रत्याशी कैलावती को 21 वोट ही मिले। 17 साल बाद बोर्ड में मिली ऐतिहासिक जीत का जश्न भी मनाया गया। नगर परिषद से शुरू हुए विजय जुलूस पूरे शहर से गुजरा। पूरा शहर भाजपामय नजर आया। शहर भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत हुआ। इससे पहले मंगलवार को उपसभापति के लिए सुबह 10 बजे नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा से कन्यादेवी और कांग्रेस से अर्जुनराम, कैलावती, दमयंती ने नामांकन भरे। इसके बाद अर्जुनराम व दमयंती ने नामांकन वापस ले लिए। ऐसे में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला रहा। भाजपा की कन्या देवी को 34 वोट मिले। कांग्रेस की कैलावती को 21 वोट मिले। बहुमत के लिए 28 मतों की जरूरत थी, लेकिन 7 मत ज्यादा हासिल किए। इस तरह कन्यादेवी उपसभापति चुनाव जीत गई। महिलाओं को नेतृत्व का मौका चुनाव के नतीजों ने भाजपा की मजबूत रणनीति पर मुहर लगा दी है। कन्यादेवी बाड़मेर नगर परिषद की पहली महिला उप सभापति बन गई। अब तक गठित हुए बोर्ड में किसी भी महिला उप सभापति बनने का मौका नहीं मिला था। पहले सभापति और फिर उप सभापति बनने के बाद शहर में भाजपा ने जीत का जश्न मनाया। इसके लिए सभापति गौतमचंद बॉबी और नवनिर्वाचित उपसभापति कन्या देवी को रथ पर सवार होकर जुलूस के रूप में शहर की सड़कों पर निकले। इस दौरान बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई, भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वरूपसिंह खारा, महावीरसिंह चूली, दिलीप पालीवाल, रमेशसिंह इंदा, सुनील सिंघवी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 13 दिन बाद पार्षदों को मिले मोबाइल बाड़ेबंदी में ले जाए गए भाजपा पार्षदों को 13 दिन बाद उनके मोबाइल दिए गए। मंगलवार को जब उप सभापति के लिए वोटिंग हो गई तो पार्षदों को उनके मोबाइल लौटाए गए। जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई और पार्षद सुनील सिंघवी की ओर से पार्षदों को उनके नाम लिखे मोबाइल दिए। एक-एक करके भाजपा पार्षदों को बुलाया गया। भाजपा के 29 और 5 निर्दलीयों समेत 34 पार्षदों के मोबाइल जमा थे। इस बार 55 में से 20 पार्षद महिला महिलाओं को नेतृत्व का मौका देने के लिए पार्टी ने सभी पार्षदों की रायशुमारी करने के बाद कन्यादेवी को मैदान में उतारा गया। इस बार बोर्ड में 55 में से 20 महिला पार्षद है। इनमें सर्वाधिक भाजपा से 12, कांग्रेस से 7 व एक निर्दलीय शामिल हैं। ऐसे में पहली बार भाजपा ने महिला को उपसभापति बनाने का फैसला किया। 59 वर्षीय कन्यादेवी गृहिणी है और सिर्फ साक्षर है। उनके पास 64 लाख की प्रोपर्टी है।