करौली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने सिटी पार्क के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी। प्रदर्शन के दौरान जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि, ग्रेच्युटी और पेंशन सहित अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की गई। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रदेश संगठन की प्रदेश सचिव हेमलता शर्मा ने बताया कि राज्यभर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं वर्षों से अल्प मानदेय पर शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन कर रही हैं। शर्मा ने कहा कि न्यायोचित मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। विभाग और सरकार के समक्ष कई बार मांगें रखने और वार्ता होने के बावजूद समाधान नहीं होने से कर्मचारियों में भारी असंतोष है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।