जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. रामकेश मीणा के 51वें जन्मदिन के अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिला अस्पताल की ब्लड बैंक में हुए इस शिविर में कुल 31 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। डॉ. रामकेश मीणा ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरित करने का संदेश दिया। शिविर का शुभारंभ पीएमओ डॉ. रामकेश मीणा, विधायक प्रतिनिधि विश्वेंद्र सिंह, ब्लड बैंक चिकित्सा प्रभारी डॉ. धर्मबाई मीणा, उप नियंत्रक अस्पताल डॉ. ऋषिराज शर्मा, डॉ. मनीष कुमार शर्मा, डॉ. शिवम लवानिया, नर्सिंग अधीक्षक जयसिंह मीणा, राघवेंद्र शुक्ला, ब्लड बैंक प्रभारी प्रमोद गर्ग और जयंत शर्मा की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। वक्ताओं ने रक्तदान को महादान बताया और कहा कि यह किसी जरूरतमंद की जान बचाने में सहायक है। उन्होंने आमजन से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया। आयोजन के दौरान रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया गया। उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविरों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया।