करौली के गवर्नमेंट कॉलेज में अंगदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों और शिक्षकों को अंगदान के महत्व की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने अंगदान से जुड़े विभिन्न भ्रमों को दूर किया, जिसके बाद सभी प्रतिभागियों ने अंगदान करने की शपथ ली और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह जागरूकता कार्यक्रम गवर्नमेंट कॉलेज करौली में ऑर्गन ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर टीम द्वारा आयोजित किया गया था। टीम के नोडल प्रभारी डॉ. राकेश कुमार चौधरी और सदस्य डॉ. रवि कुमार मीणा ने नर्सिंग विद्यार्थियों और ट्यूटर को अंगदान के महत्व, इसकी प्रक्रिया और जरूरतमंद मरीजों को मिलने वाले नए जीवन के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। विशेषज्ञों ने बताया कि अंगदान एक मानवीय पहल है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में अंगदान के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने अंगदान करने की शपथ ली। टीम सदस्य नीरज शर्मा ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता अभियानों में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज के प्रिंसिपल मनोज कुमार, मनीष शर्मा, सुरेश गुर्जर, बने सिंह मीणा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।