करौली में पंचायतीराज संस्थाओं और नगर निकायों के चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क के बाहर एक दिवसीय 'लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह' आयोजित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध चुनाव कराने की मांग उठाई। उन्होंने चुनाव में हो रही देरी पर अपना विरोध भी दर्ज कराया। चुनाव में देरी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए सही नहीं सत्याग्रह में संगठन के प्रदेश महासचिव केशव तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संभाग प्रभारी रजिया बानो, प्रदेश सचिव प्रो. रामेश्वर मूंडरी, मुख्यालय प्रभारी प्रकाश यादव और उदय सिंह जाटव विशिष्ट अतिथि थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष थान सिंह डांगुर ने की। प्रदेश महासचिव केशव तिवारी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों का कार्यकाल समाप्त हुए करीब 2 साल हो चुके हैं, लेकिन राज्य सरकार अब तक चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में हो रही देरी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है। इस अवसर पर जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्षी लाल बैरवा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शारदा गुर्जर, रामविलास जाटव, मोतीलाल मीणा, कुंजीलाल मीणा, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश जाटव, रघुराज, पूर्व पार्षद मजीद खान, रिजवान खान, अब्दुल गफ्फार खान, डॉ. विश्राम बैरवा सहित कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।