करौली में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। करौली और हिंडौन में बनाए गए 11 परीक्षा केंद्रों पर कुल 4226 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने दोनों शहरों में पर्यवेक्षक दल तैनात किए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। नीट परीक्षा में 4161 अभ्यर्थी उपस्थित और 65 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा प्रभारी एवं एडीएम हेमराज परिड़ा ने बताया कि करौली में 6 और हिंडौन में 5 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हुई, जबकि अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 11 बजे से शुरू हो गया था। सुबह से ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया गया। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहा, जिससे व्यवस्था सुचारु बनी रही। प्रशासन की ओर से करौली में दो और हिंडौन में दो पर्यवेक्षक दल नियुक्त किए गए थे। इन दलों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार, जिलेभर में परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।