करौली में रसद विभाग ने अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अरावली नगर क्षेत्र में एक अड्डे पर छापा मारकर 18 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इस दौरान गैस भरने की मोटर, अन्य उपकरण और नापतोल का कांटा भी बरामद किया गया। जिला रसद अधिकारी हितेश मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। विभाग को सूचना मिली थी कि एक ऑटो-टेंपो के माध्यम से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रसद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और छापा डाला। टीम को देखते ही अवैध रिफिलिंग करने वाला व्यक्ति मौके से फरार हो गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक पवन कुमार, हरविंदर शर्मा और ऋषिकेश मीणा सहित अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे। जिला रसद अधिकारी हितेश मीणा ने बताया कि अवैध रिफिलिंग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह गंभीर सुरक्षा खतरा भी है। इस मामले में करौली कोतवाली में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।