करौली की गुरदह पंचायत के नावते पुरा गांव में एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। मृतक की पहचान राजेन्द्र जाटव के रूप में हुई है, जो रविवार सुबह करीब 11 बजे से घर से लापता था। सूचना मिलने पर लांगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मण्डरायल उप जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने राजेन्द्र की हत्या की आशंका जताते हुए पहले शव लेने से इनकार कर दिया। बाद में सीओ अनुज शुभम और लांगरा थानाधिकारी की समझाइश के बाद वे सहमत हुए। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र जाटव रविवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को गांव के पास एक पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।