करौली में नगर परिषद सभापति सुनील सैनी ने अधिकारियों के साथ शहर की सड़कों और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने टूटी सड़कों की मरम्मत और सफाई सुधारने के निर्देश दिए। सभापति ने दीपावली तक सभी जरूरी काम पूरे करने को कहा। निरीक्षण में झाड़ू चौराहा, पुरानी सब्जी मंडी, भूड़ारा बाजार, मेला गेट, गणेश गेट, फुटाकोट, मदनमोहन मंदिर, हटवाड़ा चौराहा और हिंडौन गेट जैसे इलाकों को देखा गया। सभापति ने अधिकारियों को टूटी सड़कों को ठीक करने और पेचवर्क कराने को कहा। नाली क्रॉसिंग और सड़क मरम्मत के काम भी होंगे। इनके लिए पहले अनुमान तैयार होगा, फिर नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि विकास कार्य समय पर पूरे हों। शहर की सफाई व्यवस्था देखकर सभापति ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सफाई ठीक करने और लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक और कनिष्ठ अभियंता (एईएन, जेईएन) तथा वार्ड पार्षद भी थे। उपसभापति अमीनुद्दीन खां समेत अधिकारियों ने समस्याओं पर चर्चा की।