करौली के सदर थाना क्षेत्र में 15 साल पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया। पाटौरन गांव निवासी लखनसिंह मीणा की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लोकेश मीणा को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने पिता की मौत का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया। रंजिश की जड़: 15 साल पुराना मामला पुलिस जांच में सामने आया कि करीब 15 साल पहले लखनसिंह ट्रक ठीक कराने हिण्डौन गया था। उस दौरान ट्रक को धक्का लगाते समय आरोपी लोकेश के पिता जैसीराम की वाहन के नीचे आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच गहरी दुश्मनी शुरू हो गई। आरोपी बचपन से ही पिता की मौत का जिम्मेदार लखनसिंह को मानता था और बदला लेने की भावना उसके मन में पल रही थी। शराब पार्टी के बहाने रची साजिश पुलिस के अनुसार 2 मई की रात लोकेश ने अपने साथी अरविंद के साथ मिलकर लखनसिंह को शराब पार्टी के बहाने बुलाया। तीनों ने अलग-अलग जगहों पर शराब पी और फिर अंजनी माता मंदिर के पास पहाड़ी इलाके में पहुंचे, जहां नशे की हालत में कहासुनी शुरू हो गई। भागकर भी नहीं बच पाया, पत्थरों से कुचलकर हत्या विवाद बढ़ने पर अरविंद ने बीयर की बोतल से लखनसिंह के सिर पर वार कर दिया। जान बचाने के लिए लखनसिंह भागा और अपना मोबाइल फ्लाइट मोड पर डालकर एक पत्थर के नीचे छुपा दिया, साथ ही खुद भी छिपने की कोशिश की। लेकिन आरोपी पीछा करते हुए उसे पकड़ने में सफल हो गए और पत्थरों से सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। सोशल मीडिया से मिला सुराग, पहाड़ियों में मिला शव मृतक के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई और कुछ लोगों पर हत्या का संदेह जताया। जांच के दौरान पुलिस को सोशल मीडिया पर शराब पार्टी से जुड़ा एक स्क्रीनशॉट मिला, जिससे सुराग मिला। लोकेशन के आधार पर पुलिस अंजनी माता मंदिर के पास पहाड़ी क्षेत्र में पहुंची, जहां टूटी बीयर बोतलें और खून के निशान मिले। थोड़ी दूरी पर नाले के पास लखनसिंह का शव बरामद हुआ। 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन हन्ता” के तहत सदर थाना पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी लोकेश मीणा को टोडाभीम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एफएसएल टीम से मौके का मुआयना करवाकर साक्ष्य जुटाए और शव का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।