करौली नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति सुनील सैनी और उपसभापति अमीनुद्दीन ने पदभार संभाल लिया है। उन्होंने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पदभार संभालने के बाद सभापति सुनील सैनी ने कहा कि शहर की समस्याओं का समाधान और विकास कार्य उनकी प्राथमिकता रहेंगे। उन्होंने नगर परिषद क्षेत्र में जरूरी सुविधाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही। उपसभापति अमीनुद्दीन ने भी पिछले छूटे हुए अधूरे काम पूरे करने की बात कही। पूर्व विधायक लाखन सिंह ने कहा कि वे भी दोनों निर्वाचित पदाधिकारियों को आमजन की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने के लिए मदद करेंगे। जिलाध्यक्ष घनश्याम महर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। नगर परिषद पहुंचने से पहले कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में इकट्ठे हुए। इसके बाद वे पैदल जुलूस निकालकर नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। गेट पर समर्थकों ने बैकहो लोडर पर सवार होकर फूल बरसाकर सभापति और उपसभापति का स्वागत किया। नगर परिषद कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर और साफा बांधकर दोनों का स्वागत किया। इसके बाद पूजा-अर्चना के साथ सुनील सैनी और अमीनुद्दीन ने अपना पदभार संभाला। इस कार्यक्रम में टोडाभीम विधायक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम महर, पूर्व विधायक लाखन कटकड़, पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज, नवनिर्वाचित पार्षद, कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह से कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाए।