करौली नगर परिषद ने नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) की बकाया राशि नहीं चुकाने वाले पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जिला मुख्यालय के सात पेट्रोल पंपों पर करीब 71 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया होने के बाद नगर परिषद ने सभी संचालकों को नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर राशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि तय समय में भुगतान नहीं होने पर संबंधित पेट्रोल पंपों को सीज कर दिया जाएगा। नगर निकाय अधिनियम के तहत जारी हुए नोटिस नगर परिषद आयुक्त एवं करौली एसडीएम प्रेमराज मीना ने बताया कि यह कार्रवाई नगर निकाय अधिनियम के तहत की जा रही है। लंबे समय से यूडी टैक्स बकाया होने के कारण संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों को अंतिम नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन अब बकाया वसूली को लेकर पूरी सख्ती के मूड में नजर आ रहा है। रिलायंस और एचपी पेट्रोल पंप पर सबसे ज्यादा बकाया नगर परिषद द्वारा जारी सूची के अनुसार मासलपुर चुंगी के पास स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप पर सबसे ज्यादा 25.50 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया है। इसके अलावा हाथीघटा स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर 15.72 लाख रुपए और मंडरायल रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर 10.55 लाख रुपए का कर बकाया चल रहा है। इन पेट्रोल पंपों पर भी लाखों रुपए का टैक्स बकाया इसके अलावा प्रकाश होटल के सामने स्थित इंडियन ऑयल यश ट्रेडिंग कंपनी पर 5.59 लाख रुपए, इंडियन ऑयल अशोक सिंह पर 9.55 लाख रुपए, रणगमा तालाब के पास भारत पेट्रोल पंप (संजीव कुमार मीणा) पर 2.82 लाख रुपए तथा सुभाष नगर मंडरायल रोड स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर 1.34 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया बताया गया है। प्रशासन की सख्त चेतावनी, सीजिंग की तैयारी नगर परिषद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि दो दिन के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित पेट्रोल पंपों के खिलाफ सीजिंग की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। शहर में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई करौली में नगर परिषद की इस सख्त कार्रवाई की शहरभर में चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से समय पर टैक्स वसूली होती है तो नगर परिषद की आय बढ़ेगी और शहर के विकास कार्यों को गति मिलेगी। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप संचालकों पर बढ़ते प्रशासनिक दबाव ने व्यापारिक हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है।