करौली जिले की कुडगांव थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक मैग्जीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। यह कार्रवाई अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कुडगांव थाना पुलिस टीम ने पैटोली जाने वाले रास्ते से दोनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी दीपक (22) निवासी केशोपुरा के पास से एक अवैध देसी पिस्टल 32 बोर बरामद की गई। वहीं, दूसरे आरोपी शिवसिंह (19) निवासी महाराजपुरा के कब्जे से पिस्टल की एक मैग्जीन मिली। तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। कुडगांव थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास ये हथियार कहां से आए और उनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जाना था।