करौली में राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड जिला मुख्यालय द्वारा आयोजित सात दिवसीय फ्लॉक लीडर एवं गाइड कैप्टन बेसिक प्रशिक्षण शिविर जारी है। बुधवार को अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रजनी गोयल ने शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्काउट गाइड शिविर बच्चों में संस्कार निर्माण की जीवंत कार्यशालाएं हैं। उन्होंने बताया कि ये शिविर विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, चारित्रिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। इस शिविर में 31 महिला टीचर प्रशिक्षण ले रही हैं। जिला स्काउट गाइड भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रजनी गोयल ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने महिला टीचर्स से आह्वान किया कि वे शिविर में सीखे गए कौशल और गतिविधियों को अपने स्कूलों में लागू करें। गोयल ने जोर दिया कि खेल-खेल में स्काउटिंग कौशल सिखाने से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव का विकास होता है। सीओ स्काउट अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर राज्य मुख्यालय जयपुर के वार्षिक कैलेंडर के अनुसार 9 से 15 मई तक आयोजित किया जा रहा है। कुल 31 महिला अध्यापिकाएं इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं, जिनमें 13 फ्लॉक लीडर कोर्स में और 18 गाइड कैप्टन बेसिक कोर्स में शामिल हैं। मुख्य अतिथि रजनी गोयल के शिविर पहुंचने पर सचिव स्थानीय संघ करौली मुकेश कुमार सारस्वत के नेतृत्व में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। शिविर संचालक गगनदीप कौर ने स्कार्फ पहनाकर उनका स्वागत किया, जबकि संतोष आर्य ने घेरे के गीत के माध्यम से स्वागत की रस्म निभाई। इस अवसर पर स्काउट मास्टर सुरेश शर्मा, प्रेमराज मीणा, गाइडर विमलेश चतुर्वेदी, राष्ट्रपति रोवर मान प्रकाश शर्मा, रोवर लीडर धर्मराज गुर्जर, राज्य पुरस्कार प्राप्त रोवर केशव देव शर्मा और दुर्गेश बेनीवाल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।