ACB ने 16 अप्रैल को करौली जिले की नादौती SDM काजल मीणा, रीडर दिनेश सैनी और UDC प्रवीण कुमार धाकड़ को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। रिश्वत खातेदारी जमीन के मालिकों के बीच बंटवारे को लेकर फैसला देने (तकासमा) के एवज में मांगी थी। उस दिन रिश्वत देने वाला 2 बार SDM काजल मीणा के ऑफिस पहुंचा था। दोनों बार रीडर ने उसे लौटा दिया। तीसरी बार शाम को काजल मीणा के ऑफिस पहुंचा, तब रीडर ने रिश्वत ली और ACB ने तीनों को पकड़ लिया। रिश्वत लेने के बाद और पकड़े जाने से पहले तीनों के बीच हुई बातचीत भी काफी रोचक है। इस रिपोर्ट में पढ़िए ACB के बहुचर्चित इस ट्रैप की पूरी कहानी.. नादौती एसडीएम काजल मीणा के रिश्वत मांगने का मामला ट्रैप से एक दिन पहले यानी 15 अप्रैल को सामने आया। रेलवे से रिटायर्ड 63 वर्षीय शिकायतकर्ता जयपुर स्थित ACB मुख्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता का कहना था कि उनके पिता का 30 साल पहले निधन हो गया था। पिता की 6.38 हेक्टेयर जमीन का 5 भाइयों के बीच बंटवारा (तकासमा) होना है। हर भाई के हिस्से में 1.27 हेक्टेयर जमीन आनी है। हालांकि वह अपने वाजिब हिस्से में खेती करता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले वाले SDM ने तहसीलदार को बंटवारे का आदेश दे दिया था। तहसीलदार ने अक्टूबर 2025 को बंटवारे की फाइल एसडीएम कार्यालय भी पहुंचा दी थी, लेकिन अब तक तकासमा फाइनल नहीं किया। शिकायत में कहा कि तकासमे जैसे जायज काम के लिए पहले 1 लाख की रिश्वत मांगी, फिर 50 हजार रुपए देने को कहा। रुपए देने के लिए 16 अप्रैल को बुलाया है। रीडर बोला- मैडम से मिलो, मैडम बोली- रीडर से मिलो, मांगे 1 लाख शिकायतकर्ता ने बताया कि रिश्वत वसूलने के लिए उसे कई चक्कर कटवाए। वह रीडर दिनेश सैनी से मिला तो उसने कहा की SDM काजल मीणा से मिलो। SDM से मिला तो वो बोली-रीडर से मिलो। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 19 मार्च को रीडर दिनेश सैनी से मिला तो उसने कहा- मेरी मैडम से बात हो गई है। मैडम फाइनल डिक्री जारी करने से पहले 1 लाख रुपए मांग रही हैं। इस पर शिकायतकर्ता SDM काजल के घर जाकर मिला। वहां SDM काजल ने कहा- मैंने रीडर दिनेश को बोल दिया है, तुम उन्हीं से मिलो। इसके बाद शिकायतकर्ता 13 अप्रैल को फिर रीडर से मिला। रीडर ने कहा- मेरी SDM मैडम से बात हो गई है। मैडम 50 हजार रुपए पर एग्री हो गई हैं। एक-दो दिन में व्यवस्था कर के आ जाओ। रीडर ने अलग से खुद के लिए मांगे 10 हजार, बात हो गई रिकॉर्ड शिकायत मिलने के बाद ACB ने 16 अप्रैल को नादौती पहुंचकर ट्रैप के लिए जाल बिछा दिया। शिकायतकर्ता दोपहर से पहले फिर नादौती SDM कार्यालय पहुंचा और रीडर से मिला... (रीडर और शिकायतकर्ता की पूरी बात रिकॉर्डर में रिकॉर्ड हो गई।) तीसरी बार में दी रिश्वत, रीडर पैसे लेकर दफ्तर से निकला पहली बार : सुनवाई का बहाना शिकायतकर्ता नौदोती दोपहर 3:30 बजे SDM ऑफिस पहुंचा। ऑफिस में 10 मिनट रुका और लौट आया। ACB टीम को बताया कि अभी सुनवाई चल रही है। रीडर ने बाद में आने का इशारा किया है। दूसरी बार : रीडर बोला- मैडम घर चली गईं शिकायतकर्ता शाम 4:10 बजे फिर नादौती SDM कार्यालय पहुंचा। 25 मिनट रुकने के बाद लौट आया और ACB टीम के पास पहुंच गया। ACB को बताया कि रीडर दिनेश ने रिश्वत नहीं ली। दिनेश ने उसे कहा- मैडम ने तुम्हारी फाइल पर 1 मई 2026 की तारीख डाल दी है। मैडम घर पर चली गई हैं। फाइल देखकर ही आगे कुछ बता पाएंगी। मैडम शाम को 5 या 5.15 बजे तक घर से वापस यहां पहुंचेंगी। तीसरी बार: आखिर ट्रैप हो गए रिश्वतखोर शिकायतकर्ता तीसरी बार शाम 4.55 बजे नादौती SDM कार्यालय पहुंचा। करीब आधे घंटे बाद शाम 5:35 बजे कार्यालय से निकला और ACB को इशारा कर दिया कि रीडर ने रिश्वत के पैसे ले लिए हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि रीडर पैसे लेकर एसडीएम ऑफिस के साथ स्थित तहसील कार्यालय की तरफ गया है। ACB टीम तत्काल तहसील कार्यालय पहुंची। रीडर रिश्वत लेकर दफ्तर से बाहर निकला...मैडम को किया वाॅट्सएप कॉल तहसील कार्यालय पहुंचकर ACB टीम ने रीडर दिनेश सैनी को पकड़ लिया। (दिनेश मान गया और SDM काजल को वाॅट्सएप कॉल किया) (ये बात वॉइस रिकॉर्डर में रिकॉर्ड हो गई) SDM काजल, रीडर और UDC को किया आमने-सामने, बैग में निकले 60 हजार की जगह 4 लाख ACB ने रीडर दिनेश से UDC प्रवीण कुमार से रिश्वत के रुपए मंगवाने को कहा। दिनेश सैनी ने प्रवीण कुमार को स्पीकर पर रखकर कॉल किया। ACB रीडर दिनेश और शिकायतकर्ता को साथ लेकर SDM ऑफिस पहुंची। काजल मीणा ऑफिस में ही थी। ACB ने नादौती थाना अधिकारी को फोन किया। महिला कॉन्स्टेबल को SDM ऑफिस भेजने को कहा। इस बीच प्रवीण भी रुपए वाले बैग लेकर SDM ऑफिस पहुंच गया। एसीबी ने SDM काजल मीणा के सामने UDC प्रवीण कुमार से पूछताछ की। ACB : रिश्वत के पैसे कहां हैं और बैग में क्या है? UDC प्रवीण : बैग में पैसे हैं। ये पैसे रीडर दिनेश सैनी ने शाम 5.30 बजे के आस-पास दिए थे। पैसे देते हुए दिनेश ने बस इतना कहा था कि इन्हें अपने पास रख लेना। ACB : बिना पूछे पैसे ले लिए? प्रवीण : मैंने पूछा था तो दिनेश ने कहा- तू रख ले। बाकी मैं तुझे बाद में सब बता दूंगा। इसके बाद पैसे मैंने बैग में रख दिए। इसके बाद एसीबी ने चेक किया तो बैग में 500 रुपए की 9 गड्‌डियां थीं, जबकि रिश्वत की रकम 60 हजार रुपए थी। ACB : इतने पैसे बैग में कैसे रखे हैं? प्रवीण : 500 की एक गड्डी दिनेश ने दी। बाकी 500 की 8 गड्डियां (4 लाख रुपए) मेरे खेत में गेहूं और सरसों बेचने से मिले हैं। (ACB ने रीडर दिनेश सैनी से इन 4 लाख रुपए के बारे में पूछा तो उसने जवाब दिया कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।) 4 लाख का झूठ भी पकड़ा गया, ये रुपए भी रिश्वत के होने का शक ACB ने प्रवीण को उसके पिताजी से कॉल करने और फोन स्पीकर पर रखने के लिए कहा। प्रवीण के पिता को पता ही नहीं था कि उनका बेटा झूठ बोल रहा है और ACB के सामने प्रवीण के झूठ की पोल खोल खुल गई। ACB को शक है कि ये रुपए भी दूसरे लोगों से वसूली रिश्वत के हो सकते हैं। इस राशि को भी ACB ने ट्रैप बॉक्स में रख लिया। रिश्वत लेने के बाद फाइल पहुंची काजल के पास ट्रैप के दौरान रीडर दिनेश सैनी ने एसीबी को बताया कि शिकायतकर्ता की फाइल SDM काजल मीणा के पास ही लंबित थी। वो रिश्वत लेने के बाद शिकायतकर्ता की फाइल SDM काजल के पास ले गया। SDM काजल ने दिनेश से कहा- मेरे द्वारा बताई गई राशि लेकर अपने पास रख लो। फाइल अगली तारीख पर मुझे पेश कर देना...मैं आदेश जारी कर दूंगी। इसकी पुष्टि के लिए ACB टीम ने मौके पर ही SDM काजल मीणा से पूछताछ की। तीनों आरोपी जेल में, काजल सस्पेंड SDM काजल मीणा, रीडर दिनेश सैनी और UDC प्रवीण कुमार धाकड़ को ACB ने पिछले 17 अप्रैल को भरतपुर की विशेष अदालत में पेश किया। अदालत ने तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा (जूडिशियल कस्टडी) में जेल भेजने के आदेश दिए। इसके बाद राज्य सरकार ने भी भ्रष्टाचार के मामले में कार्रवाई करते हुए काजल मीणा को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान काजल मीणा का मुख्यालय सचिव कार्मिक विभाग जयपुर रहेगा। ---------------- यह खबर भी पढ़िए… SDM काजल मीणा को 60 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा, रीडर और UDC भी गिरफ्तार; घूस के रुपयों के अलावा 4 लाख कैश मिले करौली जिले की नादौती में एसीबी ने SDM काजल मीणा, रीडर और UDC को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। एसीबी की कार्रवाई के दौरान SDM ऑफिस से रिश्वत के रुपयों के अलावा 4 लाख रुपए और बरामद हुए। पढ़ें पूरी खबर...