करौली के मासलपुर गेट स्थित सिद्ध हनुमान मंदिर में 9 दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का समापन हो गया। समापन अवसर पर पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसादी ग्रहण की। यह कथा 9 दिनों तक चली। इस दौरान आचार्य बृज मोहन शास्त्री ने प्रतिदिन दोपहर में भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों का भावपूर्ण वाचन किया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने राम के विभिन्न प्रसंगों को सुना। कथा के दौरान संगीतमय भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते और प्रभु के जयकारे लगाते दिखे। समापन पर सिद्ध हनुमान मंदिर में पंडित अशोक शास्त्री ने विधि-विधान से हवन कर पूर्णाहुति संपन्न कराई। इसके बाद कन्या पूजन और लांगुरा पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया। श्रद्धालुओं ने पंगत प्रसादी ग्रहण की तत्पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसादी ग्रहण की। यह आयोजन देर रात तक चला, और मंदिर परिसर में भजनों की गूंज सुनाई देती रही। इस पूरे कार्यक्रम की व्यवस्था श्री सिद्ध हनुमान मंदिर भक्त मंडल, मासलपुर गेट द्वारा की गई थी। शहर के विभिन्न स्थानों से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम को सफल बनाने में दिनेश, राधेश्याम, सुरेश, धीरेंद्र, दिलीप, नरेंद्र, पवन, राहुल, महेंद्र, डालचंद, बांके बिहारी, बालकृष्ण, लव कुमार, गजेंद्र शर्मा, जितेंद्र सहित क्षेत्र के कई युवा और बुजुर्गों ने सहयोग किया।