करौली जिले में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तीन थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के तहत चार स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से कुल 6 ग्राम से अधिक अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 90 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल के निर्देश पर टोडाभीम थाना पुलिस ने नोविस्बा रोड क्षेत्र से श्यामसुंदर मीना (25), निवासी तांताकुआ को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1.56 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस के अनुसार आरोपी स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा था। बालघाट थाना पुलिस ने भी दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। यहां से परशुराम मीना (42) और रिंकू मीना (25) दोनों निवासी मोहनपुरा को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से कुल 3.30 ग्राम स्मैक जब्त की गई। कोतवाली करौली पुलिस ने नूर कॉलोनी निवासी माजिद (32) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1.12 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी क्षेत्र में स्मैक की आपूर्ति कर युवाओं को नशे की लत लगा रहा था। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। इससे नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया है कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।