करौली जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 3 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए बताई जा रही है। एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी के तहत श्रीमहावीरजी थाना पुलिस ने पटोंदा-छर्री मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राम अवतार उर्फ कल्लू (34) निवासी खेड़ी शीश, थाना सदर हिण्डौन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध स्मैक मिली। पुलिस ने आरोपी राम अवतार उर्फ कल्लू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उससे स्मैक तस्करी के नेटवर्क और इसके स्रोत के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि वे अवैध मादक पदार्थों से संबंधित कोई भी सूचना पुलिस को देकर इस मुहिम में सहयोग करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।