करौली में कोतवाली थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.02 ग्राम स्मैक बरामद की। थानाधिकारी अध्यात्म गौतम ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम गश्त के दौरान धनीराम सरपंच के पुरा क्षेत्र में पहुंची। वहां एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिस पर संदेह होने पर उसे पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिन्टू मीणा (25) निवासी खिरखारी कोंडर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से स्मैक तस्करी के नेटवर्क और इसमें संलिप्त अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में स्मैक की आपूर्ति कर रहा था। कोतवाली थाना पुलिस ने यह भी बताया कि मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।