करौली में सोमनाथ महालय के जीर्णोद्धार के 75 साल पूरे होने और श्री सोमनाथ विरासत की हीरक जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम प्रतापेश्वर महादेव मंदिर में हुए, जिसमें रुद्री पाठ, रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और भजन संध्या शामिल थे। कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम हेमराज परिडवाल ने किया। देवस्थान विभाग के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों का संचालन आचार्य पंडित प्रकाश चंद्र जती राज्याचार्य के सानिध्य में हुआ। इस दौरान मूर्धन्य विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्री पाठ, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इन धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना करते हुए धर्म और संस्कृति की परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजन में भजन कार्यक्रम भी हुए, जिससे भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश शुक्ला, भाजपा के पूर्व शहर मंडल अध्यक्ष योगेश शर्मा, जितेंद्र पिचानौत और देवस्थान विभाग के निरीक्षक पुष्पेंद्र चतुर्वेदी सहित कई लोग मौजूद रहे।