करौली एसपी लोकेश सोनवाल ने पुलिस अभियानों में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की है। करौली थानाधिकारी अध्यात्म गौतम को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि हिंडौन सर्किल के 10 पुलिसकर्मियों को 17 सीसी की चार्जशीट सौंपी गई है। यह कार्रवाई रविवार 26 अप्रैल को हिंडौन सर्किल में आयोजित अपराध बैठक की समीक्षा के बाद की गई। बैठक में यातायात नियमों के पालन सहित जिले में चलाए जा रहे 4 महत्वपूर्ण ऑपरेशनों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। समीक्षा के दौरान, ऑपरेशन शिकंजा, ऑपरेशन प्रहार, ऑपरेशन म्यूल हंटर और ऑपरेशन त्रिनेत्र में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने पर हिंडौन र्सिल के 10 पुलिसकर्मियों को 17 सीसी की चार्जशीट दी गई।इसी तरह कार्य में ढिलाई और नए कानूनों के क्रियान्वयन में शिथिलता बरतने के आरोप में करौली थानाधिकारी अध्यात्म गौतम को लाइन हाजिर किया गया है।