करौली में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक नाबालिग छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना शहर के मध्य से गुजरने वाले एनएच 23 पर पुरानी ट्रक यूनियन स्थित हनुमानजी चौराहे पर हुई। छात्रा ट्रक से बचने की कोशिश कर रही थी, तभी यह हादसा हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल छात्रा को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। कोतवाली एएसआई भीमसेन मिश्रा ने बताया कि घायल छात्रा की पहचान मासलपुर निवासी मेघराज की पुत्री आयुषी (14) के रूप में हुई है। आयुषी करौली में अपनी ताई-ताऊ के पास डीआरडीए कॉलोनी में रहकर नौवीं कक्षा में पढ़ती है। वह शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे एक निजी स्कूल से घर लौट रही थी। हनुमानजी चौराहे के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे ट्रक से बचने के लिए आयुषी सड़क किनारे हनुमानजी मंदिर की दीवार से सटकर खड़ी हो गई। इसके बावजूद वह ट्रक के पहिए की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई है और मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।