करौली में शुक्रवार देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर की तेज धूप और उमसभरी गर्मी के बाद हुई झमाझम बारिश से लोगों को बड़ी राहत मिली। आधे घंटे से अधिक समय तक हुई इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। शुक्रवार सुबह से ही जिले में तेज धूप और उमस का प्रकोप था, जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। दोपहर तक गर्मी अपने चरम पर पहुंच गई थी, लेकिन शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। इसके बाद करौली के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे से अधिक समय तक हुई इस बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी भर गया और कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। दिनभर गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं बच्चों और युवाओं ने बारिश का खूब आनंद लिया। किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई, क्योंकि इससे खरीफ की फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में जिले के कुछ और हिस्सों में बारिश की संभावना और मौसम परिवर्तन का अलर्ट जारी किया है।