अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र में इंदिरा कॉलोनी के पास सोमवार देर शाम बाइक को तेज रफ्तार में जा रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। एक घायल को जयपुर रैफर किया है। दूसरे घायल का वहीं पर इलाज किया गया। मृतक के परिजन हवलदार बिजेंद्र सिंह ने बताया कि नगर के गंगावन गांव निवासी श्यामवीर गुर्जर अपने साथी रामावतार और रम्मू के साथ बाइक पर सवार होकर कठूमर से नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इंदिरा कॉलोनी के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने तेज रफ्तार में टक्कर दी। श्यामवीर को अलवर जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर घायल रामवतार को जयपुर रैफर कर दिया। तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया मृतक श्यामवीर गुर्जर अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। जिसके तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक है। कठूमर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।