अलवर के कठूमर में घर की दीवार बनाने को लेकर चाचा-ताऊ के परिवार आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। इस हमले में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिनके सिर पर करीब 12 टांके आए हैं। घायल को कठूमर अस्पताल से अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां बुजुर्ग का इलाज जारी है। घटना शुक्रवार रात करीब 3 बजे कठूमर कस्बे की इंदिरा कॉलोनी में हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों परिवार एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS… बुजुर्ग के सिर में आई गंभीर चोट घायल लीलाराम (65) के बेटे भीम सिंह ने बताया कि घर पर पिछले 15 दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। अपनी जगह पर दीवार बनाने को लेकर पिता के चचेरे भाइयों ने विरोध किया। दिन में हुई गाली-गलौज और धक्का-मुक्की के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन देर रात करीब 3 बजे प्रकाश और विजय समेत करीब 8 लोग दोबारा आए। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर सो रहे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में लीलाराम के सिर में गंभीर चोट आई है, वहीं उनकी पत्नी मीना (60) और बेटा भीम सिंह भी घायल हुए हैं। जब थाने पहुंचे, तो पुलिस ने यह कहकर रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया कि पहले घायल को थाने लाया जाए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावर मारपीट और गाली-गलौज करते साफ नजर आ रहे हैं। फिलहाल, पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।