डीडवाना के केराप-बूड़ोद मार्ग पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे में युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, रुवा निवासी भंवर सिंह (28) पुत्र शंकर सिंह अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। केराप और बूड़ोद के बीच एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवक को डीडवाना के राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।